डोनाल्ड ट्रंप बने अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति
डोनाल्ड ट्रंप बने अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति
डोनाल्ड ट्रंप अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति बन चुके हैं. उन्होंने भारतीय समय के अनुसार सोमवार रात राष्ट्रपति पद की शपथ ली.
ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में दुनिया भर के कई राष्ट्रनेता, कारोबारी, बराक ओबामा, जॉर्ज बुश, बिल क्लिंटन जैसे पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति शामिल हुए.
अपने उद्घाटन भाषण में ट्रंप ने अपनी नीतियों और प्रशासन के तहत अमेरिका के भविष्य पर अपनी सोच साझा की. ट्रम्प ने कहा, के आज से अमेरिका का स्वर्णिम युग शुरू हो रहा है. हमारा देश अब समृद्ध और सम्मानित होगा. मैं साफ़ तौर पर कहना चाहता हूं कि मैं हमेशा अमेरिका को प्राथमिकता दूंगा.”
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वो अमेरिका-मेक्सिको सीमा पर नेशनल इमरजेंसी घोषित करेंगे. उन्होंने बताया कि इस संबंध में कार्यकारी आदेश (एग्ज़ीक्यूटिव ऑर्डर) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे.
ट्रंप ने कहा कि अवैध प्रवेश को तुरंत रोका जाएगा और सरकार लाखों ”अवैध” प्रवासियों को उनके देश वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू करेगी.
डोनाल्ड ट्रंप ने पनामा नहर को “एक मूर्खतापूर्ण तोहफ़ा” बताया. उन्होंने दावा किया कि “पनामा नहर को चीन ऑपरेट कर रहा है.”
ट्रंप ने कहा, “हमने इसे चीन को नहीं दिया. हम इसे वापस लेंगे.”पिछले महीने डोनाल्ड ट्रंप ने पनामा से कहा था कि वो पनामा नहर की फीस कम करे या तो उस पर नियंत्रण अमेरिका को वापस कर दे.
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वो मध्य पूर्व में शांति लाने वाले और सबको जोड़ने वाले नेता बनेंगे.
उन्होंने तीन इसराइली बंधकों का ज़िक्र किया, जिन्हें ग़ज़ा में हमास ने बंधक बना लिया था. रविवार को वो सभी बंधक अपने परिवार के पास पहुंच गए थे.
ट्रंप ने कहा, “अमेरिका अपनी सही जगह फिर से हासिल करेगा, जो दुनिया का सबसे महान, शक्तिशाली और सम्मानित देश होने की है.
हमारा देश पूरी दुनिया को प्रेरित करेगा और प्रशंसा का केंद्र बनेगा.
इसी के साथ राष्ट्रपति ट्रंप ने महंगाई और बढ़ती ऊर्जा की ज़रूरतों पर बात भी की, जो उनके पिछले कैंपेन का अहम मुद्दा रहा है.
उन्होंने कहा कि वो अपने कैबिनेट के सभी सदस्यों को निर्देश देंगे कि महंगाई को हराने और लागत और क़ीमतों को तेजी से कम करने के लिए हर संभव कोशिश करें.
ट्रंप ने ये भी घोषणा की कि वो ‘नेशनल एनर्जी इमरजेंसी” घोषित करेंगे और अपने प्रशासन में अमेरिका में तेल और गैस के खनन को तेज करने का वादा दोहराया.
ट्रंप ने कहा कि हमारे पास दुनिया में सबसे ज्यादा तेल और प्राकृतिक गैस है, और हम इसका पूरा इस्तेमाल करेंगे. उन्होंने “ड्रिल बेबी ड्रिल” का नारा भी दिया.
ट्रंप की इस घोषणा का असर आने वाले समय में भारत पर भी पड़ेगा. तेल खपत में अमेरिका और चीन के बाद भारत दुनिया का सबसे बड़ा देश है. भारत अपनी ज़रूरत का क़रीब 80 फ़ीसदी तेल आयात करता है.
